बिलासपुर : मुंबई के एक निजी शिप कंपनी में कार्यरत बैहल गांव के युवक की मुंबई में शिप हादसे में मौत हो गई। रविवार सुबह युवक हरविन्द्र सिंह (28) पुत्र करनैल सिंह का शव उसके घर बैहल पहुंचा, जिसके बाद उसका कीरतपुर साहिब के पातालपुरी श्मशानघाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक हरविन्द्र अपने भाई बहनों में सबसे बड़ा था तथा अविवाहित ही था।
मृतक हरविन्द्र के पिता करनैल सिंह को एक आंख से कम दिखाई देता है तो हरविन्द्र की माता पैरालाइस अटैक से पीड़ित है, जिसके बाद अब उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हरविन्द्र के मौत की खबर सुनते ही बैहल गांव में मातम छा गया है, चूंकि हरविन्द्र गरीब परिवार से सम्बन्ध रखता था लिहाजा ग्रामीणों ने प्रशासन से हरविन्द्र के परिवार को आर्थिक सहायता की मांग की है।