• Skip to primary navigation
  • Skip to main content
  • Team
  • Services
  • Contact
  • Matrimony

MBM NEWS NETWORK

Indian News

  • होम
  • हिमाचल प्रदेश
    • सिरमौर
    • सोलन
    • मंडी
    • उद्योग
    • दुर्घटनाएं
    • उद्योग
    • खेलकूद
  • सामान्य ज्ञान
  • साहित्य
  • विडियो
  • फिल्मी दुनिया
    • मनोरंजन
  • राजनैतिक
  • मनोरंजन
  • युवा
  • क्राइम
  • नेशनल
  • अंतर्राष्ट्रीय 

MBM News Network

8 से 23 जुलाई तक भारी वाहनों के लिए बंद रहेगा ऊना- होशियारपुर रोड

July 5, 2022 by MBM News Network

ऊना, 05 जुलाई : ऊना से होशियारपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 503 पर आगामी 8 जुलाई से 23 जुलाई तक भारी वाहनों (यात्री तथा अन्य व्यवसाय) की आवाजाही वाया बनखंडी बंद रहेगी। यह जानकारी एसडीएम ऊना डॉ. निधि पटेल ने इस संबंध में आयोजित बैठक के दौरान दी।

उन्होंने बताया कि इस अवधि में सुबह 7:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक सभी भारी वाहन ईसपुर मोड़ से वाया गगरेट होते हुए होशियारपुर जाएंगे तथा होशियारपुर की ओर से बजवाड़ा बट्टा मार्केट प्वाइंट से गगरेट होते हुए ऊना की तरफ आएंगे। 

उन्होंने बताया कि ऊना से होशियारपुर आने जाने वाले दोपहिया वाहनों तथा हल्के चार पहिया वाहनों की आवाजाही निरंतर जारी रहेगी। एसडीएम ने बताया कि सांय 7:00 से प्रातः 7:00 बजे तक सभी प्रकार के वाहन ऊना से होशियारपुर वाया बनखंडी होते हुए आ जा सकते हैं। 

डॉ. निधि पटेल ने बताया कि यह निर्णय पंजाब क्षेत्र में होशियारपुर से ऊना जिला की सीमा तक निर्माणाधीन सड़क मार्ग के निर्माण कार्य के दृष्टिगत लिया गया है, जिसके विषय में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग के परियोजना निदेशक ने लिखित अनुरोध किया था।

बैठक में डीएसपी होशियारपुर वरिंदर खोसा, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग जालंधर के उप प्रबंधक शांतनु उपाध्याय, सचिव आरटीओ होशियारपुर सुखविंदर कुमार, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग के साइट इंजीनियर मुकुल बंसल, हिमाचल पथ परिवहन निगम ऊना के यातायात प्रबंधक दर्शन सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं निजी परिवहन संगठनों के पदाधिकारी व प्रतिनिधि गण उपस्थित थे।

Filed Under: ऊना, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, una news

#Sirmour : संगीतज्ञ डाॅ. कृष्ण लाल  सहगल को चंडीगढ़ में “हिमाचल गौरव” पुरस्कार 

July 5, 2022 by MBM News Network

राजगढ़, 05 जुलाई : अखिल भारतीय संयुक्त प्रवासी हिमाचली सभा के चंडीगढ़ में आयोजित समारोह में साहित्य, गीत एवं लोक संगीत के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश के एक महान संगीतज्ञ डॉ. कृष्ण लाल सहगल को हिमाचल गौरव पुरस्कार से नवाजा गया। यह पुरस्कार जोगिंद्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष योगेश भरतीय और राजकीय मेडिकल कॉलेज चंडीगढ़ के वरिष्ठ शल्य चिकित्सक डॉ अशोक अत्री द्वारा प्रदान किया गया। 

बता दें कि डॉ. के एल सहगल सिरमौर जिला के राजगढ़ के ग्रामीण परिवेश से सम्बंध रखते हैं। इनके द्वारा विशेषकर सिरमौर जिला की पुरातन संस्कृति को लोकगीतों के माध्यम से जीवन्त रखने में अहम भूमिका निभाई गई है। इन्होने पहाड़ी कल्चर पर बहुत शोध किए है। प्राचीन लोकगीतों को तालमय बनाने तथा इनकी प्राचीन मौलिकताओं को बनाए में डाॅ. केएल सहगल का विशेष योगदान रहा है। 

1970 के दशक में डाॅ. सहगल द्वारा आकाशवाणी से प्रसारित पारंपरिक लोक गीत ऐस मूजरे जोगी जवाना बे तथा मरीची की नाटी को आज भी लोग बड़े चाव से सुनते व गाते हैं। डाॅ. सहगल को कला क्षेत्र में पहाड़ी रफी की  संज्ञा दी जाती है। इनकी सुरीली आवाज का जादू हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करता है। डाॅ. केएल सहगल को प्रदेश सरकार द्वारा हिमाचल गौरव पुरस्कार से नवाजा जा चुका है।

गौर रहे कि हिमाचल के पहाड़ी गीत, लोक संस्कृति एवं सुगम संगीत को बढ़ावा देने में इनका विशेष योगदान रहा है। शास्त्रीय संगीत तथा गजल गायन में हिमाचल में अपना एक महत्त्वपूर्ण स्थान है। डाॅ. सहगल को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के अतिरिक्त अनेक प्रतिष्ठित संस्थाओं द्वारा  कला के क्षेत्र में सम्मानित किया जा चुका हैं।

डाॅ. सहगल हिमाचल शिक्षा विभाग के कॉलेज कैडर से एसोसिएट प्रोफेसर के पद से सेवानिवृत्त हैं। हिमाचल के बहुत सम्मानित व्यक्ति हैं । यह सिरमौर और सोलन ही नहीं अपितु हिमाचल के लिए बड़े गौरव की बात है।

Filed Under: साहित्य, सिरमौर, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, Sirmour news

#Kullu : ब्यास किनारे मिला महिला का शव, नहीं हुई शिनाख्त

July 5, 2022 by MBM News Network

कुल्लू, 05 जुलाई : जिला मुख्यालय कुल्लू से करीब 12 किलोमीटर दूर बजौरा के साथ ब्यास नदी किनारे से एक महिला का शव बरामद हुआ है। जिसकी अभी तक कोई पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार महिला ने नीले रंग का सूट पहना हुआ है और करीब 5 फुट लंबी है। 

demo pic

एसपी कुल्लू गुरदेव शर्मा के अनुसार भुंतर पुलिस को सुबह सूचना मिली कि नदी किनारे किसी महिला का शव पड़ा है और सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची व  महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के शव गृह में शिनाख्त के लिए रखा है। पुलिस के अनुसार महिला की उम्र करीब 35 साल लग रही है। सिर पर चोटों के निशान है। 

पुलिस अनुमान लगा रही है कि महिला ने नदी में छलांग लगाई होगी जिस कारण पानी में बहते हुए महिला का शव नदी किनारे फंस गया। उन्होंने बताया कि पुलिस इसकी छानबीन कर रही है कि महिला का शव यहां कैसे पहुंचा और महिला के साथ क्या घटना पेश आई है।

Filed Under: कुल्लू, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, kullu news

राहुल गांधी के बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश करने को लेकर कांग्रेस पार्टी मुखर 

July 5, 2022 by MBM News Network

शिमला, 05 जुलाई : राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र वायनाड कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना को लेकर दिए गए बयान को उदयपुर की घटना से जोड़ने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। राहुल के बयान को उदयपुर में कन्हैयालाल की हत्या से जोड़ने के बाद मामले में एक टीवी चैनल पर गलत खबर प्रकाशित करने और उसे कई बीजेपी नेताओं द्वारा सोशल मीडिया में फैलाने को लेकर कांग्रेस पार्टी कार्रवाई की मांग उठा रही है। जिसको लेकर कांग्रेस पार्टी के नेता जयराम रोमेश ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग उठाई है। 

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी भी इसको लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करेगी। ये बात कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौर ने शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही है। राठौर ने कहा कि देश में नफ़रत की राजनीति हावी हो रही है। इससे भाजपा की नियत सामने आ रही है। कांग्रेस नेताओं के चरित्र हनन व उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है। 

वायनाड की घटना को उदयपुर की घटना से जोड़कर न्यूज़ चैनल में चलाया गया। देश में साम्प्रदायिक माहौल बनाया जा रहा है। गुजरात व हिमाचल चुनावों को देखते हुए धार्मिक उन्माद फैलाने की कोशिश की जा रही है। जेपी नड्डा को जय राम रोमेश द्वारा पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग उठाई है। जिस पर अभी तक कोई जवाब नहीं आया है। 

Filed Under: शिमला, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, Shimla News

चंबा : निजी बस चालक खतरे में डाल रहे अनमोल जीवन, ठूंस-ठूंस कर भरी जा रही सवारियां 

July 5, 2022 by MBM News Network

चंबा, 05 जुलाई : जनपद के ग्रामीण रूटों पर निजी बस चालक और परिचालक यात्रियों की जान के साथ खिलवाड़ हो रहा है। एक तरफ जहां बस में ठूंस-ठूंस कर सवारियां भरी जा रही हैं। वहीं, दूसरी तरफ छत पर भी यात्रियों को सफर करवाया जा रहा है। मामला सलूणी क्षेत्र के तहत आते संपर्क मार्ग भड़ेला का है। जहां बस की छत पर सवारियां बैठाई गई है। 

WATCH VIDEO : https://youtu.be/7on_hgid4Ks

सोशल मीडिया में भी यह फोटो जमकर वायरल हो रहे हैं। ऐसे में अप्रिय घटना होने का अंदेशा बना रहता है। एक तरफ जहां प्रदेश में आए दिन सड़क हादसे हो रहे है। वहीं दूसरी तरफ निजी बस चालक-परिचालक ज्यादा पैसे के चक्कर में यात्रियों की अनमोल जान को खतरे में डाल रहे है। हैरानी की बात यह है कि जिला में होने वाली वाहन दुर्घटनाओं से भी निजी बस ऑपरेटर कोई सीख नहीं ले रहे हैं।

Filed Under: चंबा, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Chamba news, Himachal News In Hindi

वार्तालाप से हल होगी समस्या, हड़ताल छोड़ बातचीत के लिए आगे आएं पंचायती राज कर्मचारी

July 5, 2022 by MBM News Network

नाहन, 05 जुलाई : ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने सिरमौर जनपद के शिलाई विधानसभा के अंतर्गत ग्राम जरवा जुनेली में कार्यक्रम आयोजित किया। पंचायती राज विभाग में कार्यरत कर्मचारियों से आहवान करते हुए कहा कि वार्तालाप से ही समस्या का समाधान होगा।

उन्होंने कर्मचारियों को हड़ताल छोड़ सरकार से बात करने का आवाहन किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले ही पंचायती राज के सभी कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों से बातचीत के लिए तैयार हैं और उनकी हर समस्या का समाधान निकाला जाएगा।

इस अवसर पर उन्होंने ग्राम पंचायत जरवा जूनेली में 20 लाख 10 हजार की लागत से बने बैठक हॉल का उद्घाटन किया। इसके उपरांत उन्होंने पंचायत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व ओपीडी का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के खुलने से आसपास के क्षेत्रों के 2500 से अधिक ग्रामीण लाभान्वित होंगे। उन्होंने बताया कि भाजपा के सत्ता संभालने से पूर्व 36000 गोवंश सड़कों पर थे। 

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने आयुष्मान योजना की तर्ज पर मुख्यमंत्री हिमकेयर योजना चलाई जिसके तहत प्रदेश के 544000 परिवारों को इसका लाभ मिला है। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम पंचायत जरवा जूनेली में रेस्ट हाउस बनाने के लिए 11 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने जायका के माध्यम से जरवा जूनेली ग्राम पंचायत में सिंचाई योजना बनाने के लिए स्वीकृत दी।

उन्होंने कीनू में सराय भवन के लिए 5 लाख रुपए देने की घोषणा की और जूनेली में मनोरंजन भवन बनाने के लिए 5 लाख देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यदि डाहर पंचायत सभी औपचारिकताओं को पूरा करती है तो जल्द ही पंचायत में पशु औषधालय खोलने के लिए स्वीकृति दी जाएगी।

इस अवसर पर वीरेंद्र कंवर ने मुख्यमंत्री ग्राम कौशल योजना व राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समुहों जिनमें राधे कृष्णा ग्राम संगठन गवाली, बिजट महाराज संगठन जारवा, गुगा महाराज संगठन शिलाई, महासू महाराज ग्राम संगठन बसवा, जय मां ठारी संगठन सुई डाहर व नारी शक्ति ग्राम संगठन डाहर शामिल हैं, के सदस्यों द्वारा स्थानीय स्तर पर बनाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। 

प्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर ने जनसमूह को संबोधित करते हुए गत साढ़े 4 वर्षों में शिलाई विधानसभा में सभी सरकारी कार्यालय मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में खोले गए हैं, जिससे इस विधानसभा क्षेत्र की जनता को अब अपने किसी भी कार्य के लिए अन्य विधानसभा क्षेत्रों में जाने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की मदद से पावंटा से चौपाल के लिए 1352 करोड़ रुपए से बनने वाली सड़क का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है जिसे आगामी 1 या 2 वर्षों में पूरा किया जाएगा। इसके बाद शिलाई विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। 

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पिछले साढे 4 वर्षों में शिलाई विधानसभा क्षेत्र को विकसित करने के लिए हर संभव कार्य किया गया है। आने वाले आगामी चुनावों में उनकी सरकार को इसका इनाम मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले गिरीपार क्षेत्र को जनजातीय क्षेत्र घोषित करवाने के लिए हर संभव कोशिश की जाएगी। 

इस अवसर पर अध्यक्ष जिला परिषद सीमा कन्याल, बीडीसी चेयरमैन अनीता वर्मा, बीडीसी उपाध्यक्ष बलबीर चौहान, जिला उपाध्यक्ष भाजपा कुलदीप राणा, मंडल अध्यक्ष सूरत सिंह, मंडल महामंत्री भाजपा हरि ठाकुर, बीडीसी सदस्य राकेश ठाकुर व स्थानीय प्रधान आशा देवी सहित भाजपा के दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Filed Under: सिरमौर, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, Sirmour news

शिमला : 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, चालक की मौत, एक घायल

July 5, 2022 by MBM News Network

शिमला, 05 जुलाई : राजधानी शिमला के ढली थाना अंतर्गत मशोबरा के पास एक कार के गहरी खाई में गिरने से चालक की मौके पर मौत हो गई। एक अन्य गम्भीर रूप से घायल है।

हादसा सोमवार देर शाम को हुआ है। कार में सवार दो लोग मशोबरा से ब्लड्यां की तर्ज की ओर जा रहे थे कि कार (HP02A -1703) सड़क से फिसलकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई।

Demo Pic

इस दुर्घटना के बाद कार के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों व्यक्तियों को मृत व घायल अवस्था में खाई से बाहर निकाला। मृतक की शिनाख्त ब्लड़याँ निवासी धर्मवीर (28) पुत्र लक्ष्मण सिंह के रूप में हुई है। धर्मवीर कार का चालक बताया जा रहा है। घायल की पहचान सूरज कुमार के तौर पर हुई है और वह आईजीएमसी में उपचाराधीन है। 

डीएसपी हेडक्वार्टर कमल किशोर वर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। इस हादसे को लेकर मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Filed Under: दुर्घटनाएं, शिमला, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, Shimla News

निदेशक इम्तियाज अली की खोज हिमाचल की इंजीनियर बेटी ‘आरूषि शर्मा’…जादूगरी का लीड रोल

July 5, 2022 by MBM News Network

शिमला, 05 जुलाई : बाॅलीवुड के मशहूर निदेशक इम्तियाज अली की खोज आरूषि शर्मा अभिनय जगत में फलक छूने की तरफ अग्रसर है। लव आजकल व तमाशा फिल्म से इंडस्ट्री में पदापर्ण करने वाली आरूषि अब 15 जुलाई को नेटफलिक्स पर रिलीज हो रही फिल्म ‘जादूगरी’ के लीड रोल में नजर आएगी।

रोमांटिक व काॅमेडी फिल्मों में अभिनय का लोहा मनवा चुकी आरूषि शर्मा एक-एक कदम आगे बढ़ रही है। 2014 में आरूषि जेपी इंस्टिटयूट वाकनाघाट में बीटेक की पढ़ाई कर रही थी। ऑडिशन में आरूषि का चयन कर लिया गया।

 न्यायधीश माता-पिता अपर्णा शर्मा व आरके शर्मा के घर जन्मी आरूषि ने अपनी काबलियत को खुद साबित किया है। आरूषि के चाचा मनमोहन शर्मा एक आईएएस अधिकारी हैं। छोटी बहन दिल्ली विश्वविद्यालय से लाॅ की पढ़ाई कर रही है। जादूगरी में मुख्य किरदार में जितेंद्र कुमार हैं। वो एक ऐसे अभिनेता हैं, जिन्होंने नेटफलिक्स में वैब सीरीज में एक अलग पहचान बनाई हैै।

लाॅरेंट कारमल काॅन्वेंट स्कूल में पढ़ी आरूषि एक आकर्षक व्यक्तित्व की धनी हैं। इम्तियाज अली की रोमांटिक काॅमेडी फिल्म आजकल-2 में सह अभिनेत्री के तौर पर ही आरूषि ने अपनी प्रतिभा की छाप छोड़ी थी।

 परिवार का मानना है कि आरूषि आत्मविश्वासी है। अभिनय व फिल्म देखने वालों का मनोरंजन करने की क्षमता भी है। गौरतलब है कि हिमाचली बेटी ने फिल्म उद्योग में खुद को साबित करने के लिए इंजीनियरिंग के कैरियर का बलिदान दिया है। वो बखूबी जानती है कि गैर बाॅलीवुड पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाले कलाकारों को इंडस्ट्री में खासी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।

सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर आरूषि के प्रशंसकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा हैै। नाहन के कारमल काॅन्वेंट स्कूल में प्रारंभिक शिक्षा हासिल करने वाली आरूषि के सहपाठियों को इस बात का अहसास था कि वो जीवन में कुछ लीक से हटकर करेगी, वैसा हो भी रहा है।

हिमाचली बेटी की पृष्ठभूमि एक संपन्न परिवार की है। माता-पिता न्यायिक अधिकारी हैं तो चाचा आईएएस हैं। अमूमन इस तरह की पृष्ठभूमि के बच्चों को यूपीएससी की तैयारी के लिए प्रेरित किया जाता है, लेकिन यहां बात अलग हुई है, क्योंकि आरूषि को खुद के कैरियर को चुनने का विकल्प मिला।

आपको ये भी बता दें कि आरूषि ने एक ही फिल्म में दो अलग-अलग किरदार निभाए थे। ये इस बात का घोतक था कि आरूषि रूपहले पर्दे पर प्रतिभा का डंका बजाएगी। मूलतः शिमला की ठियोग तहसील के समीप छैला के मांदल गांव की रहने वाली आरूषि पढ़ाई में बचपन से होशियार रही है।

आरूषि की चचेरी बहन पूजा सेमटा शर्मा ने कहा कि उम्मीद है कि जादूगरी में आरूषि का किरदार दर्शकों को पसंद आएगा।

Filed Under: फिल्मी दुनिया, युवा, शिमला, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, Shimla News

#Kulu Accident : ऐसे ही जाते रहेंगे अनमोल जीवन, ये है धरताल पर देवभूमि की कड़वी सच्चाई

July 4, 2022 by MBM News Network

शिमला, 04 जुलाई : हिमाचल को लंबे अरसे से हेलिटैक्सी (HeliTaxi ) के सपने दिखाए जा रहे है। लेकिन इस बात पर गौर नहीं फ़रमाया जा रहा है कि खतरनाक सड़कों (Dangerous Roads) पर प्रदेश में अनमोल जीवन खत्म हो रहे हैं। कुल्लू में सोमवार को दर्दनाक हादसे ने सवाल उठाया है कि हेलिटैक्सी शुरू होनी चाहिए या फिर धरातल पर आम लोगों का सफर सुरक्षित होना चाहिए।

चंद महीने पहले पुलिस मुख्यालय ने एक आंकड़ा जारी किया था। इसके मुताबिक देवभूमि में 142 ब्लैक स्पॉट (Black Spots) हैं। यकीन मानिए, इसमें सबसे अधिक 30 ब्लैक स्पॉट्स अकेले कुल्लू (Kullu) में ही चिन्हित (Identified) किए गए थे। प्रश्न यह भी पैदा होता है कि क्या ब्लैक स्पॉट को लेकर सुरक्षा (Security) के प्रबंध (Arrangements) कर लिए गए हैं या नहीं। दीगर है कि हादसे के कुछ देर बाद ही देश की न्यूज़ एजेंसियो ने मरने वालो का आंकड़ा 16 बताया था लेकिन शाम को तस्वीर साफ हुई तो आंकड़ा 13 का था। केवल चालक व परिचालक ही बचे है।     

आपको बता दे कि ब्लैक स्पॉट वह जगह होती है, जहां वाहनों के गहरी खाई में गिरने की आशंका प्रबल होती है। इसे सुरक्षित बनाने के लिए क्रैश बैरियर जैसे उपाय किए जाते हैं। हाल ही में केंद्रीय  परिवहन व भूतल मंत्रालय ने नाहन व ऊना में प्रयोग के तौर पर रोलर बैरियर स्थापित किए थे। यह प्रयोग सफल होता भी नजर आ रहा है, लेकिन हिमाचल की असल खतरनाक सड़कों के किनारे यह कब लगेंगे, इसका जवाब किसी को नहीं पता। 

5 सालों के आंकड़ों में इस बात का भी पता चला था कि राज्य में 2700  सड़क हादसों में 1100 लोगों ने जान गवा दी थी। हर सड़क हादसे के बाद एक ही फैसला होता है, सरकार न्यायिक जांच के आदेश देती है, रिपोर्ट बनती है फिर ढाक के तीन पात हो जाते हैं। हर कोई सड़क हादसे को भूल जाता है। अगला हादसा होता है तो फिर सुर्खियां बन जाती हैं, लेकिन वह लोग जिन्होंने अपनों को गंवाया है, वह हादसे को ताउम्र नहीं भूल पाते। हर एक सड़क हादसे में घायल को ताउम्र के लिए जख्म मिलते हैं।

ऐसा भी देखा जाता है कि सड़क हादसे में घायल होने वाले लोग अपंगता का जीवन भी जीने पर मजबूर हो जाते हैं, लेकिन बाद में उन्हें पूछने वाला कोई नहीं होता। कुल्लू के बंजार उपमंडल में निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद वही पुराना राग अपनाते हुए मैजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं। कुछ सप्ताह बाद रिपोर्ट आएगी, फिर हालात धीरे-धीरे सामान्य हो जाएंगे।

उधर, सोमवार को सड़क हादसे के बाद मौके पर लोगों का गुस्सा भी फूटा, क्योंकि मेडिकल सुविधा का अभाव तो था ही, साथ ही प्रशासनिक अमला तुरंत सक्रिय नजर नहीं आया। रिमोट इलाके में होने वाले हादसों के घायलों को अस्पताल तक पहुंचाना मुश्किल होता है। सोचिए, एक व्यक्ति जो सड़क हादसे में पूरी तरह जख्मी हुआ, उसे खस्ताहाल सड़कों से अस्पताल पहुंचाते वक्त उसकी क्या हालत होती होगी। यह हादसा भी कई सवाल छोड़ गया है।

सरकार क्यों आपातकालीन स्थिति में घायलों को हवाई मार्ग से उच्च स्वास्थ्य संस्थानों तक ले जाने का प्रावधान नहीं करती। सड़कों पर क्रैश बैरियर को लेकर क्यों ठोस नीति नहीं बनाई जा रही। दीगर है कि कुछ अरसा पहले एक निजी कंपनी ने राज्य में हेली एंबुलेंस शुरू करने की पेशकश की थी। इसका ट्रायल भी हुआ था, लेकिन धरातल पर इसको अमलीजामा पहनाने में  सरकार ने कोई गंभीरता नहीं दिखाई।

दीगर है कि एमबीएम न्यूज नेटवर्क ने हाल ही में राज्य में स्कूल बसों के सुरक्षा को लेकर बनी नीति पर भी विस्तार से खबर प्रकाशित की थी। इसमें खुलासा किया गया था कि 2018 में स्कूल बसों के लिए कड़े नियम बनाए गए हैं, लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि इन नियमों की पालना को लेकर धरातल पर कोई एक्शन नजर नहीं आता।

जख्मो पर आर्थिक मदद  हिमाचल सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। घायलों को 15-15 हजार रुपये की फौरी राहत और निशुल्क उपचार उपलब्ध किया जाएगा। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मरने वालों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50 हजार रुपये की राशि देने का ऐलान हुआ है। 

वहीं हादसे में मृतकों की पहचान तनु उर्फ आर्मिना पुत्री प्रेम चंद, निवासी तुंग डाकघर बजहरा 20 वर्ष, प्रेम चंद पुत्र ज्ञान चंद गांव बगी शाड़ी, सैंज 52 वर्ष, फते चंद पुत्र झोका राम, गांव तूंग सैंज, 70 वर्ष अनीता देवी पुत्री जीत राम, गांव धारठा, सैंज, 19 वर्ष, सुशील कुमार पुत्र नीमत राम, गांव तूगं 21 वर्ष, खीम दासी पत्नी टेक राम गांव रियाहडा, 40 वर्ष, रोशी देवी पत्नी दुनी चद निवासी सेरी, 45 वर्ष, अमित कुमार पुत्र कमलेश रजक निवासी जामरा सारसा विहार,  पर्वती देवी पत्नी प्रेम चन्द तूंग,40 वर्ष, झावलू देवी पत्नी अजवीर, वजाहरा 28 वर्ष, आकाश पुत्र पंच बहादुर निवासी रागशे नेपाल 16 वर्ष, राखी माया पंच बहादुर रागशे नेपाल, संजय कुमार पुत्र शाउणू विहार (27) के रूप में हुई है। 

Filed Under: कुल्लू, दुर्घटनाएं, शिमला Tagged With: accident in himachal, Himachal News In Hindi, kullu news, Shimla News

हिमाचल में सांप के काटने से 8 साल के बच्चे की मौत

July 4, 2022 by MBM News Network

हमीरपुर, 4 जुलाई : उपमंडल सुजानपुर के तहत आने वाले गांव डेरा में एक 8 साल के बच्चे को सांप ने काट लिया, जिससे बच्चे की मौत हो गई।    

बताया जा रहा है कि (8) आर्यन पुत्र रविंद्र कुमार घर में कमरे के अंदर सोया हुआ था कि अचानक बच्चे की चीखने की आवाज आई। जब परिजनों ने अंदर जाकर देखा तो कमरे में सांप था। आनन-फानन में परिजन बच्चे को तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन वहां पर बच्चे की मौत हो गई।

वहीं पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बच्चे का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को दे दिया है।

Filed Under: दुर्घटनाएं, हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Hamirpur News, Himachal News In Hindi

  • « Go to Previous Page
  • Go to page 1
  • Go to page 2
  • Go to page 3
  • Go to page 4
  • Interim pages omitted …
  • Go to page 6146
  • Go to Next Page »

Copyright © 2022