एमबीएम न्यूज़/कुल्लू
जिला के भुंतर में एसडीएम बन कर लोगों के पैसे ठगने वाला व्यक्ति भुंतर पुलिस ने चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। मामला वर्ष 2017 का है,जब विनोद कुमार नाम का शख्स भुंतर में नकली एसडीएम बनकर लोगों से पैसों की उगाही करता था। इसकी शिकायत भुंतर पुलिस थाने में लोगों द्वारा की गई थी।
पुलिस ने मई 2017 में उक्त व्यक्ति के खिलाफ आईपीसी की धारा-420,419 के तहत मामला दर्ज कर शख्स की तलाश शुरू कर दी थी। लिहाजा काफी लंबी मेहनत के बाद पुलिस ने विनोद कुमार नाम के इस व्यक्ति को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक पुलिस के पास पहुंची शिकायत में एक ही व्यक्ति से 50 हजार रुपए की ठगी की बात सामने आई थी।
पुलिस को शिकायत मिलने के बाद आरोपित की धरपकड़ शुरू कर हो गई थी। आरोपित विनोद कुमार तबसे फरार चल रहा था। इसी कड़ी में पुलिस को सूचना मिली कि विनोद कुमार चंडीगढ़ में है। ऐसे में भूंतर पुलिस के एसआई मोहन सिंह और हवलदार सुनील महंत चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए। वहां की स्थानीय पुलिस की सहायता से विनोद कुमार को धर दबोचा गया।
हालांकि सूत्रों की माने तो पुलिस के पास 50 हजार रुपए ठगी की एक ही शिकायत आई थी। जिसके आधार पर कार्रवाई की गई। लेकिन उक्त व्यक्ति ने अन्य लोगों से भी पैसे ठगे थे। ऐसे में यह आंकड़ा लाखों रुपए का हो सकता है। एसपी गौरव सिंह ने बताया कि आरोपित को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।