एमबीएम न्यूज़/नाहन
शहर के युवा शतरंज खिलाड़ी “अनुभव शर्मा” राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। मंडी में आयोजित हुई राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में अनुभव शर्मा ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। जिसके चलते उनका चयन केरल में 29 जून से आयोजित हो रही राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अनुभव शर्मा यहां अंडर-17 वर्ग में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेंगे। नाहन में अधिवक्ता विवेक शर्मा एवं योजना शर्मा के घर जन्मे अनुभव शर्मा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रेटिड खिलाड़ी होने का गौरव भी प्राप्त है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रेटिड प्राप्त करने वाले अनुभव जिला सिरमौर के एकमात्र खिलाड़ी हैं। इन दिनों अनुभव ब्रेन चैस अकादमी में अपने खेल को धार देने में जुटे हुए हैं। शतरंज संघ के महासचिव आशीष ठाकुर उनको शतरंज की बारीकियां सीखा रहे हैं। ताकि वह राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता में पदक हासिल कर सकें। अकादमी के प्रभारी एवं सिरमौर शतरंज संघ के महासचिव आशीष ठाकुर ने बताया कि अनुभव शर्मा शतरंज में शानदार खेल दिखा रहे हैं। वह एक प्रतिभावान युवा खिलाड़ी हैं। जिनसे बहुत अपेक्षाएं हैं।
उन्होंने बताया कि यदि कोई बच्चा दिन में तीन गेम रोजाना शतरंज की खेलता है तो उसके दिमाग की सर्वश्रेष्ठ कसरत होती है। उधर, राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता के लिए अनुभव का चयन होने पर उनके पिता विवेक शर्मा और माता योजना शर्मा ने भी खुशी जाहिर की है। इसका श्रेय अनुभव शर्मा की मेहनत और सिरमौर ब्रैन चैस अकादमी को दिया है।