एमबीएम न्यूज/राजगढ़
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पंडित सुखराम की कांग्रेस में एंट्री को लेकर फिर चुस्की ली है। बोले, पहले कांग्रेस में थे। फिर हिविकां बना ली। इसके बाद भाजपा में चले गए। अब दोबारा कांग्रेस में आ गए हैं। खैर, कांग्रेस में स्वागत है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अब पंडित सुखराम मंडी में भाजपा को घेर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जानबूझ कर गिरिपार को जनजातीय दर्जा देेने का मामला ठंडे बस्ते में रखा हुआ है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश के सरकारी स्कूलों को आरएसएस की पाठशाला बना दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जुमलेबाज करार देते हुए कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में देश को कई सपने दिखाए गए थे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि शुक्र है कि मोदी ने यह नहीं कहा कि वह भारत को तारामंडल पर पहुंचा देंगे। उन्होंने कहा कि बडे़-बडे़ वायदे करना तो आसान होता है, लेकिन इन्हें पूरा करना आसान नहीं होता।
वीरभद्र सिंह ने कहा कि समय कैसे बीत जाता है, इसका पता ही नहीं चलता। ऐसा लगता है कि मोदी जैसे कल ही प्रधानमंत्री बने थे। अब ऐसा जाहिर हो रहा है कि अब सत्ता से बाहर होने वाले हैं। इस मौके पर वीरभद्र सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी धनीराम शांडिल के लिए वोट भी मांगे।