एमबीएम न्यूज़/शिमला
एक ओर जहां देश के मैदानी हिस्सों में लोग मार्च के महीने में गर्मी का सामना कर रहे हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज एकदम अलग है। सूबे के पहाड़ी इलाकों में मार्च के महीने में बर्फबारी हो रही है। अहम बात यह है कि राजधानी शिमला में भी गुरूवार को ताजा हिमपात हुआ। शिमला से सटेे कुफरी मेें तीन से चार सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है। लेकिन इससे यातायात प्रभावित नहीं हुआ।
शिमला में दोपहर के समय बारिश का दौर शुरू हुआ और शाम के वक्त हल्की बर्फ गिरनी शुरू हो गई। मौसम का यह नजारा देख यहां घूमने आए पर्यटकों के चेहरे खिल गए। हालांकि बर्फबारी का दौर कुछ मिनट ही चला। इस विंटर सीजन में शिमला में खूब बर्फ गिरी है और इस वजह से यहां पर्यटकों का तांता लगा रहा। उधर, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा के उंचे इलाकों में भी बर्फबारी का दौर जारी हैै। केलंग में 15, कोठी में 12 कलपा में 6 और डल्हौजी में 5 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। वहीं राज्य के निचले व मैदानी इलाकों में कई स्थानों पर आज बारिश होती रही।
बर्फबारी से राज्य में 90 सड़कें अवरूद्व हो गई हैं। डल्हौजी सर्कल में 57 और कुल्लू सर्कल में 22 सड़कें बंद हैं। बारिश-बर्फबारी से राज्य में भीषण सर्दी पड़ रही है। अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। केलंग, कल्पा और डल्हौजी का न्यूनतम तापमान माइनस में पहुंच गया है। केलंग में आज सुबह न्यूनतम तापमान माइनस 8 डिग्री, कल्पा में माइनस 2, डल्हौजी में -0.1, कुफरी में 1 और शिमला में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।