केंद्रीय श्रम व रोजगार मंत्री संतोष गंगवार रखेंगे आधारशिला
एमबीएम न्यूज/नाहन
अगर सरकार करने पर आए तो समस्या के निस्तारण में 24 घंटे का वक्त भी नहीं लगता। आपने कई मामले ऐसे सुने होंगे, जिसमें बडे़-बड़े संस्थान इस कारण खिसक जाते हैं, क्योंकि भूमि हस्तांतरित नहीं होती। लेकिन आप यह जानकर हैरान होंगे कि कालाअंब में प्रस्तावित ईएसआई अस्पताल के लिए 24 घंटे से भी कम वक्त में इंतकाल की औपचारिकता पूरी कर ली गई है। अमूमन जमीन के इंतकाल में ही महीनें लग जाते हैं। दरअसल बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने अस्पताल के निर्माण को लेकर राजधानी में अधिकारियों के साथ बैठक की थी।
इस दौरान भूमि आबंटन की बात सामने आई तो न केवल 16 बीघा 11 बिस्वा भूमि उद्योग विभाग को हस्तांतरित कर दी गई, बल्कि भूमि के इंतकाल से जुड़ी औपचारिकता को भी 24 घंटे के भीतर पूरा कर लिया गया। अब इस अस्पताल की आधारषिला के लिए श्रम व रोजगार मंत्री संतोष गंगवार को भी आमंत्रित कर लिया गया है।
विधानसभा अध्यक्ष के मुताबिक अगले सप्ताह ईएसआई दिल्ली की टीम द्वारा भूमि निरीक्षण व शिलान्यास की तैयारी का जायजा लिया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अस्पताल के खुलने से औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब व पांवटा साहिब के हजारों कामगारों को लाभ मिलेगा। अस्पताल न होने के कारण कामगारों को कठिनाई का सामना करना पड़ता था।
भाजपा ने डा. बिंदल का जताया आभार
भाजपा जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता, मंडल अध्यक्ष दीनदयाल वर्मा, भाजप जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रतिभा कौशिक, ओम प्रकाश सैनी और देविन्द्र अग्रवाल तथा अन्य पदाधिकारियों ने कालाआंब में ईएसआई अस्पताल की स्वीकृति के लिए विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल का आभार जताया है। पदाधिकारियों ने इसके लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष कुमार गंगवार का और लोकसभा सांसद वीरेन्द्र कश्यप का भी धन्यवाद किया है।
भाजपा जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता ने कहा कि डा. राजीव बिंदल के नेतृत्व में नाहन विधानसभा क्षेत्र में विकास का एक नया इतिहास लिखा जा रहा है और कालाआंब औद्योगिक क्षेत्र के लिए ईएसआई अस्पताल का मिलना क्षेत्र के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि डा. बिंदल रात-दिन क्षेत्र की जनता की सेवा में तत्पर रहते हैं और आज उनकी मेहनत का परिणाम सबके सामने है। उन्होंने कहा कि 20 फरवरी को कालाअंब में ईएसआई अस्पताल के शिलान्यास समारोह को शानदान ढंग से आयोजित किया जाएगा।
भाजपा मंडल अध्यक्ष दीनदयाल वर्मा ने कहा कि केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने हिमाचल को अपने कार्यकाल में 77 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि डा. बिंदल के नेतृत्व में नाहन को मिला मेडिकल कॉलेज नरेन्द्र मोदी जी की देन है।