एमबीएम न्यूज़ /शिमला
अंतरराज्जीय यात्रियों को सुविधा देने के लिए हिमाचल व यूपी के मध्य सीधी बस सेवा शुरू हो गई है। बसों के 27 रूट हिमाचल व 19 रूट उत्तर प्रदेश सरकार चलाएगी। सोमवार को यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से पहली बस को हरी झंडी दिखाकर हिमाचल के लिए रवाना किया। उत्तर प्रदेश के साथ हुए एमओयू के बाद सूबे के ट्रांसपोर्ट मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि 1985 के बाद यह पहला अवसर है, जब हिमाचल व उत्तर प्रदेश के बीच इस तरह का समझौता हुआ है। हिमाचल की बसें यूपी में 70 फेरे लगा 3238 किलोमीटर वहीं यूपी परिवहन निगम की बसें हिमाचल में 48 फेरे लगाकर 3594 किलोमीटर का पथ संचालन कर सकेंगी।
शिमला, मनाली, ऊना व धर्मशाला से मिलेगी सुविधा….
राजधानी शिमला, धर्मशाला, कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, मनाली, चामुण्डा व बैजनाथ से बदायूं, पीलीभीत, सहारनपुर एवं गंतव्यों तक सीधी सेवाएं उपलब्ध होंगी। सिरमौर के नाहन से पहले ही सहारनपुर के लिए सीधी बस सेवा है। ताजा समझौते के बाद वॉल्वो व साधारण बसों को इन रूटों पर चलाया जाएगा।
गोविंद ठाकुर ने दिया दोनों मुख्यमंत्रियों को श्रेय….
गोविन्द सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विषय की गम्भीरता को समझते हुए मुझे लखनऊ आकर इन समझौतों पर हस्ताक्षर करने का दायित्व सौंपा तथा साथ ही पड़ोसी राज्यों की परिवहन व्यवस्था को समझने का अवसर प्रदान किया। गोविन्द सिंह ठाकुर ने कहा कि वर्ष 1985 के बाद यह पहला अवसर है, जब हिमाचल और उत्तर प्रदेश के मध्य इस प्रकार का समझौता हुआ है, जो सामयिक आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक परिवेश में अति आवश्यक था।
इस समझौते पर हस्ताक्षर करने से पूर्व परिवहन मन्त्री गोविन्द सिंह ठाकुर की उपस्थिति में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से दूरभाष पर बात कर प्रदेश सरकार की इस पहल के लिए धन्यवाद किया। गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल सरकार पड़ोसी राज्यों को हर प्रकार से सहयोग के लिए तैयार है। परिवहन क्षेत्र से जुड़ी सांझी समस्याओं के तर्कपूर्ण हल के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने उत्तरी क्षेत्र और पहाड़ी राज्यों के लिए एक विशिष्ट परिवहन नीति की भी वकालत की।
Latest
- कांगड़ा : पिकअप व बाइक की टक्कर में बाइक सवार की मौत
- मां के मोक्ष की कामना लेकर पदयात्रा पर निकली डॉक्टर आस्था अग्निहोत्री
- वाह रे राजनीति : बरसों बाद मिले गुरु-चेला, राणा ने धूमल के पांव छूकर लिया आशीर्वाद
- जोगिंद्रनगर कांग्रेस में बगावत, ब्लाक महिला कांग्रेस की अध्यक्षा ममता कपूर भाजपा में शामिल
- सोलन : मंदिरों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, लाखों के आभूषण व नकदी बरामद