एमबीएम न्यूज़/शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में हो रही भारी बर्फबारी ने पर्यटकों के चेहरों पर तो रौनक ला दी है। लेकिन इससे सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। शिमला में आज़ सुबह से जोरदार बर्फ गिर रही है। पूरा शहर बर्फ सफेद चादर से ढक गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अब तक एक फुट के करीब बर्फ गिर चुकी है। बर्फ़बारी की वजह से शहर की सभी अंदरूनी सड़कें बंद हो गई हैं। जरूरी कामों से लोगों को पैदल ही निकलना पड़ रहा है। कालका-शिमला नेशनल हाईवे भी भारी बर्फबारी से बंद हो गया है।
इस वजह से तारादेवी से शोघी तक लंबा जाम लग गया है। दिल्ली व चंडीगढ़ आने-जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इसके अलावा शहर में विक्ट्री टनल से लक्कड़ बाजार, ओल्ड बस स्टैंड से सँजोलो, कुसम्पटी व न्यू शिमला से ओल्ड बस स्टैंड सहित उपनगर समरहिल, ढली की तमाम सड़कें बंद हैं। शिमला शहर में एचआरटीसी के 30 रूट फेल हुए हैं। एचआरटीसी की कई बसें बर्फ़बारी में फंस गई हैं।
अप्पर शिमला के इलाकों का संपर्क आज सुबह से ही कट चुका है। कुल मिलाकर जिले में 100 से अधिक छोटी-बड़ी सड़कें बंद हैं। वहीं कई स्थानों पर सुबह से ही बिजली गुल है। शिमला में दो साल बाद व्यापक बर्फ़बारी हुई है। इससे पहले जनवरी 2017 में रिकॉर्ड 82 सेंटीमीटर बर्फ दर्ज की गई थी। मौसम विभाग ने अगले 24 घण्टों के दौरान भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है।