एमबीएम न्यूज़/सोलन
मास्टर्स गेम्स एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश की ओर से 27 व 28 जनवरी को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता डॉ. यशवंत सिंह परमार यूनिवर्सिटी ग्राउंड नौणी में होगी। इसमें प्रदेशभर के 30 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपना दम दिखाएंगे। मास्टर्स गेम्स एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष विनोद कुमार और महासचिव तेजस्वी शर्मा ने कहा कि नौणी यूनिवर्सिटी में होने वाली मास्टर्स गेम्स में एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, भारोत्तोलन, टेबल टेनिस एवं लॉन टेनिस खेलों का आयोजन किया जाएगा।
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिमाचल के सभी जिलों से करीब 400 खिलाडी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि मास्टर्स गेम्स में 30 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष व महिला वर्गों में खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। इस प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी 24 फरवरी से 3 मार्च 2019 तक देहरादून में आयोजित राष्ट्रीय खेलों में भाग लेंगे। गौर हो कि सितंबर 2018 में मलेशिया में हुई 66 देशों की अंतरराष्ट्रीय खेलों में भारत तीसरे स्थान पर रहा था। इसमें हिमाचल से 34 खिलाडिय़ों ने देश का प्रतिनिधित्व कर देश व प्रदेश का नाम रोशन किया था।