एमबीएम न्यूज़/ऊना
पुलिस थाना ऊना के तहत बहडाला के एक निजी मैरिज पैलेस में शादी समारोह से सोने के गहने चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी की इस वारदात में वेटरों की संलिप्तता मिली है। जिनको हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपियों ने प्राथमिक जांच में अपना गुनाह भी कबूल कर लिया है। आरोपियों से सोने के गहने भी बरामद कर लिए गए है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार हमीरपुर भोरंज निवासी रणजीत सिंह अपनी बेटी की शादी के लिए बहडाला स्थित एक निजी होटल को बुक किया हुआ था। बुधवार को शादी समारोह चला हुआ था। पारिवारिक सदस्य शादी समारोह में व्यस्त थे।
इसी बीच पारिवारिक सदस्यों ने सोने के गहने एक कमरे में रख दिए व शादी में व्यस्त हो गए। जब कमरे देखा तो ताला टूटा हुआ था और कमरे से सोने के गहने गायब थे। जिस पर पीड़ित परिवार को झटका लगा। सोने के आभूषणों की कीमत करीब 5 लाख बताई जा रही है। जिसमें अंगूठी सोने की, टॉप्स सहित अन्य जेवरात थे। मामले की सूचना होटल मालिक को दी गई। जिस पर पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने एसएचओ सर्वजीत सिंह के नेतृत्व में घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की।
शक के आधार पर जब दो वेटरों से पूछताछ की गई, तो दोनों ने चोरी की बात कबूल कर ली। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने चोरी के बाद गहनों को छत पर छुपाकर रखा था। जिनको पुलिस की मदद से ढूंढ निकाला गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस का आभार व्यक्त किया है। उधर एसएचओ सर्वजीत सिंह ने कहा कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों से पूछताछ की और गहने बरामद कर लिए है।