एमबीएम न्यूज़/शिमला
लोकसभा चुनाव समीप आते ही आम आदमी पार्टी ने भी अपने प्रदेश संगठन का ऐलान कर दिया है। आप नेताओं ने दावा किया है कि हिमाचल में उसके पांच लाख कार्यकर्ता हैं। वह पूरे दम-खम के साथ आगामी लोकसभा चुनाव लड़ेगी। आज प्रेस क्लब शिमला में आयोजित एक प्रेसवार्ता में आपके हिमाचल मामलों के प्रभारी किशोर झा ने नई कार्यकारिणी का गठन किया। निक्का सिंह पटियाल को पार्टी का नया राज्य संयोजक नियुक्त किया गया है। वह हमीरपुर जिले से ताल्लुक रखते हैं। इसके अलावा अरूण कटोच को सचिव, नंद लाल चंदेल को संगठन सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह राकेश मंडोत्रा, अनूप केसरी, सुशील कटोच, सुरजीत ठाकुर और परमिंद्र मोइन कश्यप को सह-संयोजक बनाया गया है। संयुक्त सचिव का कार्यभार शेर सिंह ठाकुर, भगवंत सिंह, भारत ठाकुर और अमर सिंह चौधरी को सौंपा गया है। देविंद्र जैला को मीडिया सह समन्वयक, पवन ठाकुर को सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया है। रमा गुलेरिया महिला विंग की सह संयोजक होंगी। पार्टी के प्रवक्ता की जिम्मेदारी टीपी पांडे और योग राज महाजन को सौंपी गई है। पार्टी ने चार सदस्यीय अनुशासन समिति भी गठित की है। इसमें देव राज दुग्गल, निर्मला शर्मा, परविंद मोहन कश्यप और सुरेश गिजू को शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह आम आदमी पार्टी में प्रदेश की सर्वोच्च कार्यकारिणी होगी। लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों को उतारने पर ही यह निर्णय लेगी। किशोर झा ने बताया कि हिमाचल में भ्रष्टाचार के मुददे पर आम आदमी पार्टी लोस चुनाव लड़ेगी। जनता को स्वास्थ्य व शिक्षा की बेहतरीन सुविधाएं तथा भ्रष्टाचार मुक्त शासन प्रदान करना चुनाव के दौरान पार्टी के मुख्य मुददे रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा व कांग्रेस के भ्रष्टाचार से हिमाचल की जनता त्रस्त है। आम आदमी पार्टी तीसरा विकल्प बनकर उभरेगी। उन्होंने कहा कि दो साल पूर्व सदस्यता अभियान के जरिए पार्टी प्रदेश भर में पांच लाख लोगों को पार्टी से जोड़ चुकी थी। अब एक बार फिर सदस्या अभियान शुरू किया जाएगा।