एमबीएम न्यूज़/नाहन
नाहन के पक्का टैंक के पास नगर परिषद द्वारा लगाए गए बैंच अज्ञात चोरों ने उठा लिए। यही नहीं चोरों ने बैंच उखाड़ते समय कई बैंचों को नुकसान पंहुचा कर बुरी तरह तोड़ डाला। शहर के विला राउंड में भी अज्ञात चोरों ने बैंच उखाड़ कर उन्हें भी नुक्सान पहुँचाया है। गौरतलब है कि शहर के पक्का टैंक व विला राउंड में नगर परिषद् ने लोगों के बैठने के लिए कुछ समय पहले बैंच लगाए थे। इन बैंचों पर बुज़ुर्ग लोग सैर के बाद बैठ कर सुस्ताते थे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पक्का टैंक चार बैंच गायब हो गए। वहीँ विला राउंड में दो बैंच उखाड़ कर चोर ले उड़े। पर्यावरण संस्था के अध्यक्ष डॉ. सुरेश जोशी ने बताया कि विला राउंड में बने रेन शेल्टर में दिन-रात नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है।
उन्हें आशंका है कि नशेड़ी बुजुर्गों के बैंच पर बैठने की वजह से परेशान हो जाते है। बैंच उखाड़ने की प्रक्रिया को चोर धीरे-धीरे अंजाम देते है। पहले वह लोहे के बैंचों को धीरे-धीरे उखाड़ना शुरू करते है। दो दिन इस प्रक्रिया को अंजाम देने के बाद ये धरती से उखड जाते है। जिसके बाद रात के अँधेरे में इन्हे उखाड़ कर चोर नौ-दो ग्यारह हो जाते है। इस बारे में प्रशासन को कई बार अवगत करवाया जा चूका है। मगर प्रशासन है कि टस से मस नहीं होता। जिसके चलते चोरों के होंसलें बुलंद है। डॉ. जोशी ने जिला प्रशासन व नगर परिषद् के ईओ से तत्काल इस मामले में दखल देने की गुजारिश की है। साथ ही यह मांग भी की है कि उखाड़े गए बैंचों की जगह नए व सुरक्षित बैंच लगाए जाएँ।