एमबीएम न्यूज़/ऊना
देश में बढ़ रही महंगाई को लेकर जिला कांग्रेस ऊना ने सड़कों पर उतरकर जोरदार रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में महिलाओं ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। विश्राम गृह ऊना से शुरू हुई रोष रैली डीसी कार्यालय तक पहुंची। रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस अवसर पर ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह रायजादा, जिलाध्यक्ष कांग्रेस एडवोकेट वीरेंद्र धर्माणी, कार्यकारी अध्यक्ष विवेक कुमार बिक्कू, पूर्व विधायक राकेश कालिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा मुर्दाबाद, मोदी सरकार हाय-हाय के नारे लगाए। जबकि कांग्रेस ने उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने कहा कि मोदी सरकार ने चुनाव से पहले महंगाई को लेकर केंद्र की कांग्रेस सरकार को कोसते थे। लेकिन अब वे खुद सत्ता में हैं और महंगाई को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल रही है। आज महंगाई इतनी है कि घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार जिन नारों व वायदों के साथ सत्ता में आई थी, उनमें से एक भी भी वायदा पूरा नहीं किया है।
आज महंगाई सातवें आसमान पर है और भाजपा विकास के दावे कर रही है। देश में पेट्रोल के दाम, डीजल के दाम, घरेलू गैस के दाम, सब्जियों के दाम बढ़ रहे हैं। रोजमर्रा की जरूरतों को इंसान पूरा नही कर पा रहा है। लोगों की भूखे मरने की नौबत आ पड़ी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार दिलाने की बात कर भाजपा ने युवाओं के साथ विश्वासघात किया है। लेकिन अब वक्त आ गया है कि भाजपा को जनता मुंहतोड़ जवाब देगी। रायजादा ने कहा कि भाजपा का असली चेहरा जनता के सामने आ चुका है।
वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट वीरेंद्र धर्माणी ने कहा कि केंद्र सरकार पब्लिसिटी पर उतारू है। पहले पेट्रोल के दाम बढ़ा देती है। बाद में ऊंट के मुंह में जीरे देने जैसे एक या दो रूपए कम कर अपनी वाहवाही लूटना चाहती है। वहीं कार्यकारी अध्यक्ष विवेक कुमार शर्मा विक्कू ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार ने भी प्रदेश वासियों के साथ विश्वासघात किया है। बसों में किराया पहले सरकार बढ़ाती है और बाद में एक रूपया कम करती है। लोगों का सफर महंगा करने के बाद पेट्रोल व डीजल के दाम कम कर रही है। तो अब सरकार किराया भी कम क्यों नहीं करती।