एमबीएम न्यूज़/नाहन
सिरमौर जिला की दुर्गम उप तहसील रोनहाट की रास्त पंचायत में वीरवार सुबह को पहाड़ी से आई एक बडी चट्टान ने ग्रामीणों का लाखों का नुकसान कर दिया। गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। जिला सिरमौर में 21 से 24 सितंबर तक हुई बारिश के बाद कई स्थानों पर लगातार भू-स्खलन हो रहा है। जिसके चलते कई मार्ग बाधित हो रहे है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिन मकानों पर यह चट्टानेेेे गिरी है, वहां करीब एक दर्जन से अधिक लोग सोए हुए थे। मकान में ये सभी निचले फ्लोर में सो रहे थे, अन्यथा एक बड़ा हादसा पेश आ सकता था।
भू-स्खलन से चट्टानें गिरने से रोहनाट के तीन मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं एक ऑल्टो कार भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। रोहनाट बाजार के समीप रास्त-मानल चुनट्टी सडक़ पर पहाड़ी से आई बड़ी चट्टान एक रिहायशी मकान का शटर तोडक़र अंदर जा घुसी। इससे अंदर खड़ी अल्टो कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि यह गुलाब सिंह की नई आल्टों कार है। प्रदेश में हुई भारी बारिश के बाद तबाही का दौर लगातार जारी है। इलाके में लगातार भूस्खलन का खतरा मंडरा रहा है। इन मामले में गुलाब सिंह ने शिलाई पुलिस थाने में भी रिपोर्ट दर्ज करवाई है।