एमबीएम न्यूज़/पावंटा साहिब
प्रदेश में कभी जिस अख़बार की तूती बोलती थी उसे निपटाकर अब कांग्रेस को निपटाने मुकेश अग्निहोत्री राजनीति में आए हैं। नेता प्रतिपक्ष पर तंज कसते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने आज पांवटा साहिब में पत्रकारवार्ता के दौरान कांग्रेस को खूब खरी खोटी सुनाई। सत्ती ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री सहित समूची कांग्रेस पार्टी को केवल झूठे प्रचार और भ्रांतियां फैलाने में महारत हासिल है। वर्तमान सरकार द्वारा अभी जिन कामों के टेंडर किए जा रहे हैं कांग्रेस को उन में भी घोटाले और भ्रष्टाचार नज़र आ रहा है।
भाजपा प्रदेश सतपाल सत्ती ने शुक्रवार की सुबह पांवटा साहिब में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। वहीं केंद्र व प्रदेश सरकार के कार्यकाल के दौरान यह गए जनहित कार्यों के बल पर आगामी लोकसभा चुनाव जीतने की बात कही। उन्होंने कहा कि जल्द ही केंद्र सरकार पेट्रोलियम पदार्थों को जीएसटी में लाने की तैयारी कर रही है जिसके लिए राज्य सरकारों से बात चल रही है। इसके साथ ही उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन योजना, स्वास्थय योजना, जनमंच आदि सहित अनेकों जनहित योजनाऐं जनतहित में ला चुकी है।
यहां प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विकास का दावा करने वाली कांग्रेस के प्रथम मुख्यमंत्री डॉक्टर वाईएस परमार तथा सर्वाधिक वक्त रहे मुख्यमंत्री राजा वीरभद्र सिंह के गांवों में भी भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने सड़कें बनाई है। कांग्रेस पार्टी सिर्फ भ्रम फैलाकर और समाज को जाती और धर्म के नाम पर तोड़कर सत्ता हथियाना चाहती है। जबकि भाजपा केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की जयराम सरकार के विकास कार्यों और भ्रष्टाचार मुक्त शासन के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश व राष्ट्रीय कांग्रेस को जम कर घेरा। उन्होंने कहा कि आजादी के 72 साल के समय में भाजपा ने सिर्फ 16 प्रदेश में शासन किया है।
सत्ती ने कहा कि भाजपा सिर्फ विकास के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और अवश्य ही 2019 के लोकसभा चुनावों में पूर्ण बहुमत हासिल करेगी। इसके साथ ही पूछे गए एक सवाल के जवाब में सतपाल सत्ती ने कहा कि कांग्रेस पार्टी दो नंबरीयों की पार्टी है। इसमें सभी लोग माफिया और उल्टे धंधे करने वाले हैं। जबकि भाजपा में इस तरह के लोगों की कोई जगह नहीं है। यदि कोई व्यक्ति किसी भी तरह के गलत काम में संलिप्त पाया जाता है तो वह या तो तुरंत पार्टी छोड़ दे या फिर उल्टे काम बंद कर दे।