एमबीएम न्यूज़ / शिमला
जिले के चौपाल उपमंडल के दूरदराज इलाके नेरवा में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। राणवी के पास एक बोलेरी सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। बोलेरो में सात लोग सवार थे और छह इस हादसे में मारे गए। मृतकों में 3 महिलाएं भी शामिल हैं। यह दुर्घटना गुरुवार दिन में 12 बजे के करीब हुई।
पुलिस के मुताबिक बोलेरो (HP08-0635) राणवी से झिकनी पुल की तरफ जा रही थी कि राणवी के एक किलोमीटर दूर बोलेरो गहरी खाई में जा गिरी।
मृतकों में 32 वर्षीय सुनील, 58 वर्षीय राजेन्द्र, 47 वर्षीय कलावती, 55 वर्षीय शीला, 65 वर्षीय देवी सिंह और 45 वर्षीय कल्पना शामिल हैं। इस हादसे में 23 वर्षीय पारस जख्मी हुआ है और उसे उपचार के लिये नेरवा अस्पताल ले जाया गया है। ये सभी नेरवा के ही रहने वाले थे। डीएसपी चौपाल सन्तोष शर्मा ने हादसे की पुष्टि की है।