कांगड़ा (रीना शर्मा): विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में नौ दिन से चल रहे गुप्त नवरात्रों का विधिवत समापन हो गया। मंदिर परिसर में मंदिर आयुक्त एवं एसडीएम राकेश शर्मा व पुजारी वर्ग ने हवन पूजा का आयोजन किया। उसके साथ मंदिर अधिकारी वेद प्रकाश मंदिर न्यास सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी व शहर के प्रबुद्ध लोग उपस्थित थे।
इस अवसर पर सैकड़ों भक्तों ने पूर्णाहुति डालकर पुण्य फल प्राप्त किया। पुजारी मधुसूदन, इंदीवर,संजीव, संदीप, प्रत्यूष, धवल, लव, सजल, सौरभ, गौरव ,प्रशांत ने बताया कि इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रबुद्ध ब्राह्मणों व पुजारियों ने लगातार नौ दिन तक जप व पाठ किया। उन्होंने कहा कि मां की महिमा अपरम्पार है।
मां के आशीर्वाद से विश्व में शांति व जनकल्याण की भावना लोगों में हो इसी उद्देश्य की कामना के लिए पिछले कई वर्षो से यह अनुष्ठान हो रहा है। नौ दिन तक चलने वाले इन गुप्त नवरात्रों के दौरान काफी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे। वरिष्ठ पुजारी मधुसूदन शर्मा ने कहा कि विश्व शांति व जनकल्याण के लिए पुजारी महासभा मंदिर न्यास के सहयोग से इस आयोजन को सदियों से करती चली आ रही है। विश्व शांति व जन कल्याण के लिए मुख्य नवरात्र के अलावा दो बार साल में गुप्त नवरात्र का आयोजन किया जाता है।
इनमें मां के दर्शन करने का फल नवरात्र के बराबर ही मिलता है। अनुष्ठान में बैठे विद्वानों को दक्षिणा व आवर्णी देकर सम्मानित किया गया है। मंदिर अधिकारी वेद प्रकाश ने बताया कि अनुष्ठान में 51 पुजारी व ब्राह्मणों ने नौ दिन तक मां की पूजा आराधना की। 51 विद्वानों ने नौ दिन तक मंदिर में देवी पूजा आराधना, ज्वाला मां के मूलमंत्र का जाप पाठ, वटुक भैरव, गणोश, गायत्री का जप पाठ करके मां की महिमा का गुणगान किया।
गुप्त नवरात्र के समापन मौके पर श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ा और ज्वाला दरवार को फूलों से सजाया गया था, और मन्दिर में मां की चौकी का भी आयोजन किया गया।