मंडी (वी कुमार) : कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए पूर्व केंद्रीय संचार राज्य मंत्री सुखराम का कहना है कि अगर अर्की से भाजपा प्रत्याशी प्रचार के लिए बुलाएंगे तो मैं जरूर जाऊंगा। जिला में सुखराम ने कहा कि वह हिमाचल प्रदेश की उन सभी सीटों पर प्रचार करने के लिए जाएंगे जहां से प्रत्याशी उन्हें बुलावा भेजेंगे।
यदि अर्की से भाजपा प्रत्याशी उन्हें बुलाते हैं तो वह जरूर प्रचार के लिए वहां जाएंगे। लेकिन सुखराम ने अपनी सेहत का भी हवाला दिया है कि प्रचार पर जाने से पहले उनका स्वास्थ्य ठीक रहना चाहिए। सुखराम ने इस बात को माना कि उन्हें राहुल गांधी की रैली में आने से रोका गया।
उन्होंने बताया कि वह 12 घंटों का सफर तय करके दिल्ली से मंडी सिर्फ राहुल गांधी की रैली में शामिल होने के लिए आए थे। जिला पहुंचकर पंडित सुखराम को पता चला कि वीरभद्र सिंह ने उन्हें रैली से दूर रहने को कहा है।
राहुल गांधी की रैली के दौरान कोई विवाद न उपजे इस बात को ध्यान में रखते हुए सुखराम शांत हो गए और जिला में होने के बावजूद भी रैली से दूरी बनाए रखी। सुखराम ने कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि वह इतना लंबा सफर करने के बाद भी राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।