शिमला (एमबीएम न्यूज़) : एक माह पहले चुनाव आयोग में पंजीकृत हुई राम पार्टी (राष्ट्रीय आजाद मंच) ने हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की है। पार्टी लगभग सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में अपने प्रत्याशी खड़ा करेगी। हिमाचल में श्यामलाट भूमि का हक ग्राम पंचायतों को देना, वन आधारित उद्योग लगाना और युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध करवाने के मुददों पर राम पार्टी विधानसभा चुनाव लड़ेगी।
राम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यब्रत ने आज यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि विधानसभा चुनाव लड़ने के मकसद से हिमाचल में संगठन की गतिविधियों का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा व कांग्रेस के कुछ बडे नेता उनके संपर्क में हैं और 15 दिन में पार्टी राज्य में अपने चेहरे की घोषणा कर देगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में राम पार्टी पूरी ताकत से उतरेगी और यहां की जनता को तीसरा विकल्प देगी। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी हिमाचल के किसी भी पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ अपना प्रत्याशी नहीं उतारेगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि राम पार्टी के सहयोग के बिना हिमाचल में अगली सरकार नहीं बनेगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी क्रांतिकारी विचारधारा में यकीन रखती है और शिक्षण संस्थानों में शहीदों के जीवनी पढ़ाए जाने के पक्ष में है। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी 13 जून 2017 को केंद्रीय चुनाव आयोग द्वारा पंजीकृत हुई है और पूरे देश में अपना संगठन खड़ा करेगी। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी पूरे देश में प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय एजेंडे में देश में एक कानून, एक संविधान और एक झण्डा लागू करना है।