मंडी ( वी कुमार) : झारखंड की बेटी ने हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए Mrs Classic India 2017 के खिताब को अपने नाम कर लिया है। पेश से वकील रिंकू भकत मंडी में अपने पति के साथ रहती हैं और उन्होंने हिमाचल से ही मिसेज इंडिया के लिए ऑडिशन दिया था। अब रिंकू भकत मिसेज इंटरनेशनल के लिए देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
हिमाचल प्रदेश का नाम एक बार फिर से देश भर में प्रसिद्ध हुआ है और इस बार ख्याति दिलवाने वाली हिमाचलकी नहीं बल्कि झारखंड की 40 वर्षीय रिंकू भकत हैं। रिंकू भकत पेशे से वकील है और मंडी में अपने पति के साथ रहती हैं। रिंकू भकत के पति मेजर एनके मधुकर सेना में डाक्टर हैं और बीते दो वर्षों से मंडी में तैनात हैं। रिंकू भकत ने मिसेज इंडिया के लिए हिमाचल प्रदेश से ऑडिशन दिया और सिलेक्ट हुई।
इसके बाद चेन्नई में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने क्लासिक सेक्शन में सभी को पछाड़ते हुए मिसेज इंडिया 2017 के खिताब को अपने नाम कर लिया। रिंकू भकत के अनुसार यह उनका जनून था, जिसके चलते आज उन्हें यह खिताब मिला है। इसके लिए रिंकू भकत सभी के सहयोग को भी श्रेय दे रही हैं। रिंकू भकत अब क्लासिक सेक्शन में मिसेज इंटरनेशनल के लिए सिलेक्ट हुई हैं और आने वाले दिनों में वह विश्व में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
रिंकू भकत 17 वर्षों से रांची में वकालत कर रही हैं, लेकिन उन्हें मिसेज इंडिया का खिताब दिलाने के लिए हिमाचल प्रदेश का अहम योगदान रहा है। अब रिंकू भकत हिमाचल की महिलाओं के लिए कुछ नया करने की सोच रही हैं।रिंकू भकत का मानना है कि हिमाचल प्रदेश की महिलाएं काफी परिश्रमी हैं और यहां पर स्वरोजगार के भी काफीस्कोप हैं। इन्हीं सब बातों को लेकर वह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य करने की सोच रही हैं।
रिंकू भकत की इस कामयाबी से परिवार सहित जिला में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है। महिलाओं ने यहाँ पहुंचने पर रिंकू भकत का भव्य स्वागत किया और उन्हें भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं दी हैं।