हमीरपुर (एमबीएम न्यूज़) : भारतीय बैडमिंटन टीम के मैनेजर राजेन्द्र शर्मा का नादौन में पहुंचने पर यहां के खेल प्रेमियों ने भव्य स्वागत किया। शर्मा आस्ट्रेलिया से गग्गल में उतर कर अपने घर हमीरपुर के लिए जाते समय कुछ देर के लिए नादौन में रूके थे। खेल प्रेमियों ने ब्यास पुल के पास पटयाल होटल में शर्मा के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए थे। अपने संबोधन में राजेन्द्र शर्मा ने नादौन के लोगों का आभार जताते हुए कहा कि नादौन शहर उनकी कर्म भूमि रहा है और वह इस शहर के गणी हैं।
शर्मा ने बताया कि गत दिनों सिडनी में हुई आस्ट्रेलिया ओपन बैडमिंटन वर्ल्ड सुपर सीरीज में भारत के खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने रीओ ओलंपिक में चीन के गोल्ड मैडल विजेता चैन लौंग को हरा कर पुरूष सिंगल में जीत हासिल करके आस्ट्रेलिया ओपन बैडमिंटन का खिताब अपनी झोली में डाल कर देश के लिए गौरव हासिल किया है।
जानकारी देते हुए भारतीय बैडमिंटन टीम के मैनेजर हमीरपुर निवासी राजेन्द्र शर्मा ने बताया कि श्रीकांत ने दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी को फाइनल में हरा कर देश का नाम उंचा किया है। उन्होंने बताया कि 20 से 25 जून तक आयोजित हुई इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दुनिया के बेहतरीन खिलाडिय़ों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि श्रीकांत का यह तीसरा अंतरराष्ट्रीय सुपर सीरीज फाइनल था। इनमें उसने दो में विजय हासिल की है। इससे पहले वह इंडोनेशिया ओपन सुपर सीरीज जीत चुके हैं जबकि थाइलैंड ओपन में श्रीकांत फाइनल में कम अंतर से भारतीय खिलाड़ी प्रनीत से हारे हैं।
गौर हो कि राजेन्द्र शर्मा स्वयं भी बैडमिंटन के राष्ट्रीय खिलाड़ी रह चुके हैं और वर्तमान समय में वह हमीरपुर में बतौर जिला सहायक शारीरिक शिक्षा अधिकारी अपनी सेवाएं दे रहे हें। शर्मा इससे पहले वल्र्ड जूनियर चैंपियनशिप तथा एशियन चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। राजेन्द्र शर्मा का नादौन से गहरा नाता है। उन्होंने करीब 15 वर्षों तक यहां के सीसै स्कूल बाल में बतौर प्रवक्ता अपनी सेवाएं दी हैं। जिसके कारण उनके स्वागत के लिए शहरवासी काफी संख्या में पहुंचे थे।
इस अवसर पर राम सिंह, निशा शर्मा, विनोद खावला, सुरेश ठाकुर, अजय डोगरा, सुदेश शर्मा, हरदेव सिंह, शकुंतला कंवर, सुशील राणा, दीप कुमार, नंद लाल, राजीव शर्मा, अरविंद डोगरा, अनिल डोगरा, चिन्मय, अमन, रिया, सयशा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
भारतीय बैडमिँटन टीम के मैनेजर राजेन्द्र शर्मा का नादौन में स्वागत करते लोग।