नाहन (एमबीएम न्यूज): खजूरना पुल के नजदीक दिनेश का बाग में 40 वर्षीय अमर सिंह की हत्या के मामले में नया टविस्ट आया है। इसमें मृतक की एक्स-पत्नी ही हत्यारिन बन गई, जिसने अपने मौजूदा पति के साथ मिलकर अमर सिंह को अधमरा कर छोड़ दिया था। इस सिलसिले में पुलिस ने दंपत्ति राज बहादुर व पत्नी जस्सो देवी को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल मृतक की बेटी ने मिस्त्री का काम करने वाले जीतू पर शक जाहिर किया था, जिसे पुलिस ने मामला दर्ज होने के बाद धारटीधार के बायला के जंगल से गिरफ्तार किया। सूत्रों के मुताबिक जब पुलिस ने जीतू से सख्ती से पूछताछ की तो उसने दंपत्ति के शामिल होने का राज खोल दिया।
अब तक की तफ्तीश में यह सामने आ रहा है कि अमर सिंह ने अपने पहले ससुर के साथ शराब पी। इसके बाद मौका देखकर जीतू ने उस पर हमला कर दिया। इसी बीच राज बहादुर व जस्सो देवी ने तेजधार हथियार का इस्तेमाल करते हुए अमर सिंह को अधमरा कर छोड़ दिया, जिसने 6 जुलाई की रात पीजीआई में दम तोड़ दिया।
मृतक अमर सिंह की बेटी प्रिया छेत्री ने सीधे ही अपने पिता की हत्या की आशंका जताते हुए जीतू पर शक जाहिर किया। इसके बाद पुलिस ने एक्शन में आने में चंद मिनट भी नहीं गंवाए। यह भी पता चला है कि फोरेंसिक टीम भी मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए आज शाम तक पहुंच रही है। एसपी सौम्या सांबशिवन ने दंपत्ति की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
हत्या की वजह..
पुलिस की तफ्तीश में यह पता चला है कि मृतक अमर सिंह चाहता था कि उसकी पहली पत्नी दोबारा से उसके साथ रहे। इस कारण परेशान किया जा रहा था। हकीकत यह भी थी कि तकरीबन 15 साल पहले दोनों अलग-अलग हो गए थे। इसके बाद अमर सिंह ने दूसरी शादी कर ली थी। साथ ही जस्सो देवी ने भी अलग से अपना घर बसा लिया था। फिलहाल तफ्तीश जारी है। यह बात भी सामने आ रही है कि तीनों आरोपियों ने मिलकर ही योजनाबद्ध तरीके से अमर सिंह की हत्या की है।