शिमला (एमबीएम न्यूज़) : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह ने आज यहां हिमाचल लोकहित पार्टी के आप में विलय की विधिवत घोषणा की और कहा कि लोकहित पार्टी के प्रमुख नेता जिनमें महेंद्र नाथ सोफत, सुभाष शर्मा तथा कई जिला संयोजक भी शामिल हैं, अब आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं।
संजय सिंह ने पत्रकार सम्मेलन में कहा कि पंजाब तथा गोवा के विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी हिमाचल प्रदेश की ओर ध्यान देगी और पार्टी के बूथ स्तर से जिला व राज्य स्तर पर पार्टी को सशक्त बनाने की कसरत शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकर्ता आजकल हिमाचल जोड़ो अभियान में जुटे हुए हैं तथा प्रदेश में 10 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
एक प्रश्न के उत्तर में संजय सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा तथा कांग्रेस के बीच जो पारिवारिक एक अवधि के लिए सत्ता में आने का जो चक्रव्यूह चलता है, उससे हिमाचल की जनता तंग आ चुकी है तथा बेरोजगारी व मंहगाई की समस्या को हल करने में दोनों सरकारें विफल रही हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा शासन के समय में तत्कालीन सरकार पर खनन माफिया को मदद देने के कई प्रकार के आरोप लगे थे और आज सीएम सहित कांग्रेस पार्टी के नेताओं पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लग रहे हैं। सीएम के खिलाफ मामलों की जांच ईडी व सीबीआई कर रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी शीघ्र ही हिमाचल प्रदेश में एक विशाल सम्मेलन करेगी, जिसमें राष्ट्रीय स्तर के नेता भी भाग लेंगे।
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में संजय सिंह ने कहा कि भाजपा को सर्जिकल स्ट्राईक को लेकर किसी प्रकार की राजनीति नहीं करनी चाहिए और न ही इस प्रकार की सेना की सफलता को उत्तर प्रदेश या अन्य राज्य में चुनाव के दृष्टिगत पार्टी हित में इस्तेमाल करने की कोशिश करनी चाहिए।
उन्होंने एक अन्य प्रश्न के उत्तर में कहा कि पाकिस्तान द्वारा मोदी सरकार के दौरान पिछले ढाई सालो में 200 बार नियंत्रण रेखा का उल्लंघन किया गया है और आतंकवादियों की ओर से जितने हमले मोदी सरकार के दौरान हुए हैं, इससे पहले इतने हमले कभी नहीं हुए थे।
संजय सिंह ने कहा कि कालेधर के मामले में तथा मोदी सरकार की विदेश नीति ने देश की जनता को नाराज किया है। उन्होंने कहा कि कालेधन को वापिस लाने के लिए जितने वादे सरकार ने किए थे, वो एक भी पूरा नहीं हुआ है। बल्कि सरकार ने नई स्कीम में कालेधन को सफेद करने के लिए उकसाया है। उन्होने कहा कि 45 फीसदी काला धन जमा कराकर 55 फीसदी कालेधन को सफेद करना कहां की नीति है।
इस मौके पर हिलोपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र नाथ सोफत ने कहा कि महेश्वर सिंह ने आम आदमी पार्टी से विश्वास घात किया है और उन्होंने अपने व्यक्तिगत हितों के लिए पार्टी के आधारभूत नीति की अनदेखी कर भाजपा का दामन थामा है। सोफत ने कहा कि सच्चाई तो यह है कि हिलोपा के प्रमुख पदाधिकारी आज आप पार्टी में शामिल हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आप में शामिल होने वालों में हिलोपा के राज्य सचिव जितेंद्र पाल ठाकुर, महिला मोर्चा की राज्य संयोजक रमा गुलेरिया तथा युवा सेना के दीपक मांटा, किसान सेना के राज्य संयोजक रविंद्र सिंह, ओबीसी प्रकोष्ठ के बीरबल कपूर, पैंशनर सिंह के सुंदर सिंह ठाकुर, सोशल मीडिया के राज्य संयोजक आशीष नेगी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर के कई सेवानिवृत आईएएस व आईपीएस अधिकारी और अन्य विभागों के सेवानिवृत अधिकारी भी आप में शामिल हुए हैं।