शिमला, 21 जून : अपनी दृढ़ इच्छा शक्ति की बदौलत पूर्व सीएम व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह ने कोरोना को एक बार फिर मात दे दी। आईजीएमसी में सोमवार को उनकी कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आने पर उन्हें कोविड मेक शिफ्ट अस्पताल से स्पेशल वार्ड में शिफ्ट किया गया। अपने जन्मदिन से दो दिन पहले वीरभद्र सिंह ने कोरोना से जंग जीती है। 23 जून को उनका 87वां जन्मदिन है।
दो माह के भीतर विगत 11 जून को वीरभद्र सिंह दूसरी बार कोरोना पॉजिटिव हुए थे। उनका कई दिनों से आईजीएमसी में उपचार चल रहा था। वीरभद्र सिंह के दोबारा संक्रमित होने से उनके प्रशंसक चिंता में डूब गए थे और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे थे। एमएस डॉक्टर जनक राज ने वीरभद्र सिंह की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आने की पुष्टि की है।
वहीं उनके पुत्र व कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने अपने फेसबुक पेज पर वीरभद्र सिंह की फोटो शेयर कर उनकी सेहत में सुधार होने की जानकारी दी है।उनकी हालत में काफी सुधार है।
विक्रमादित्य सिंह ने लिखा है कि मां भीमाकाली और आप सभी की दुआ से वीरभद्र सिंह की स्थिति में सुधार है। वह जल्द ही पूरी तरह से स्वस्थ होंगे।
वीरभद्र सिंह इससे पहले अप्रैल माह में भी कोरोना को मात दे चुके हैं। उस समय उनका मोहाली के निजी मैक्स अस्पताल में उपचार हुआ था। वह 30 अप्रैल को ठीक होकर शिमला लौटे थे। तब से वह आईजीएमसी में दाखिल हैं।