कुल्लू, 8 मार्च : जिला पुलिस की एसआईयू टीम ने हेरोइन सप्लाई मामले में एक और नाइजीरियन को दिल्ली से गिरफ्तार कर कुल्लू लाया है। 4 मार्च को भुंतर पुलिस ने एक गंगा सिंह उर्फ किशू पुत्र श्याम चंद निवासी भुंतर को 26.8 ग्राम हेरोईन के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में छानबीन करते हुए व्यक्ति के तार पुलिस ने एक नाइजीरियन के साथ पाए थे और पुलिस की एसआईयू टीम ने इस मामले में अब (38) इजु चुकवु उर्फ चालीर्ज पुत्र डेविड उमीजुके नाइजीरियन को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। उक्त विदेशी के पास न तो पासपोर्ट है न ही वीजा और अन्य दस्तावेज है। लिहाजा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 और फॉर्नर एक्ट की धारा 14 के तहत मामला दर्ज किया है।
एसपी गौरव सिंह ने बताया कि 4 मार्च को भुंतर पुलिस द्वारा पकडे़ गए हेरोइन केस में उक्त विदेशी के तार जुडे़ पाए गए थे, जो दिल्ली में रहने वाला अफ्रीकी देश नाइजीरिया का नागरिक है। जिला पुलिस की एसआईयू टीम ने उसे गिरफ्तार कर कुल्लू लाया है। वह गैरकानूनी तरीके से भारत में रह रहा था व दिल्ली से हेरोइन सप्लाई करने को अंजाम दे रहा था।
उन्होंने खुलासा किया कि उक्त विदेशी नागरिक पहले भी दो मुकदमों जिनमें एक में 32 ग्राम हेरोइन और दूसरे में 22 ग्राम हेरोइन और 3 ग्राम कोकेन के केस में कुल्लू पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी को 2014 में हेरोइन सप्लाई करने के जुर्म में चंडीगढ़ पुलिस द्वारा भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
अब तक 26 विदेशी पकडे़
जिला पुलिस ने जुलाई 2019 से अभी तक 26 विदेशी नागरिकों को ड्रग्स के अवैध व्यापार करने के जुर्म में गिरफ्तार किया है। इनमें से 20 आरोपी हेरोइन और चिट्टा के सप्लायर है, जो अफ्रीकी मूल के है जिनको दिल्ली से गिरफ्तार किया जा चुका है। जिनमें से 18 अफ्रीकन अभी भी जेल में बंद हैं।