एमबीएम न्यूज़/शिमला
हिमाचल प्रदेश में भाजपा के आगे कांग्रेस चारों खाने चित हो गई है। चारों सीटों पर भाजपा बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है। इस बार भाजपा जीत का नया रिकार्ड बनाने की तैयारी में है। कांगड़ा सीट से भाजपा के किशन कपूर चार लाख मतों से आगे चल रहे हैं।
कांग्रेस ने इस सीट पर अपने विधायक पवन काजल को उतारा था, लेकिन वो कहीं मुकाबले में नजर ही नहीं आए। वह पहले राउंड से ही पिछड़ते चले गए। किशन कपूर जयराम सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। उन्होंने अपना पहला लोकसभा चुनाव लड़ा है। अन्य तीन सीटों पर भी भाजपा उम्मीदवार तीन लाख से अधिक मतों से लीड ले रहे हैं। हमीरपुर सीट से अनुराग ठाकुर 3.55 लाख, मंडी से रामस्वरूप शर्मा 3.39 लाख और शिमला से सुरेश कश्यप 3.15 लाख मतों से आगे चल रहे हैं। यहां तक कि कांग्रेस अपने गढ़ों में भी बढ़त नहीं ले पाई।
पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के विस हल्के अर्की, विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री के हल्के हरोली में भी भाजपा को काफी वोटों की लीड मिली। चारो सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों ने साल 2014 के जीत के मार्जिन को भी पीछे छोड़ दिया है। 2014 में भी भाजपा ने चारोें सीटों पर एकतरफा जीत दर्ज की थी। तब सबसे अधिक मार्जिन कांगड़ा सीट पर 1.70 लाख और सबसे कम मार्जिन मंडी सीट पर 39 हजार मतों का था।