दिल्ली : अपने बेबाक और दमदार आवाज के लिए जाने जाने वाली अभिनेत्री कंगना रनौत ने चीन पर निशाना साधते हुए कहा कि चाइना की लालची नजरें भारत पर टिकी है। उन्होंने देशवासियों से चाइना के समान का बहिष्कार करने की अपील की है। कंगना ने अपने फेसबुक अकाउंट पर वीडियो जारी कर कहा कि अगर देश का जवान सीमा पर खड़े होकर दिन रात हमारी सेवा कर सकता है और हमारी सुरक्षा के लिए अपनी जान तक गंवा सकता है तो क्या हमारा कर्तव्य नहीं बनता कि हम उनका साथ दें।
कंगना ने सरहद पर शहीद हुए 20 जवानों को याद करते हुए कहा कि जिन जवानों ने हमारी सुरक्षा के लिए अपनी जान तक न्यौछावर कर दी है, उनके प्रति हमारा भी कर्तव्य बनता है कि हम भी इस लड़ाई में उनका कंधे से कंधा मिलाकर साथ दें। कंगना ने भारत के प्रत्येक नागरिक को आत्म निर्भर बनने की अपील की है। कंगना ने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि हमारे शरीर से कोई अंग काटकर अलग कर दिया जाए तो हमें कितना कष्ट होगा। इसी तरह हमारी भारतीय सेना भी हमारा अहम हिस्सा है।
अतः जो हमारी सेना को नुकसान पहुंचाए हमारा भी कर्तव्य बनता है कि हम उनका बहिष्कार करें। बताते चलें कि कंगना ने इससे पहले दिवंगत अभिनेता सुशांत के सुसाइड पर भी सवाल खड़े करते हुए फिल्मी जगत के कई अभिनेताओं पर निशाना साधा था। इसके बाद उनके यह सभी वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए थे।